पंचकूला, 1 अक्तूबर
पंचकूला पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे वाहन चालकों पर सख्त रूख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर IPS पंकज नैन स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं और सभी यातायात पुलिस टीमों को नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर लापरवाही, ओवरलोडिंग, ट्रिपलिंग और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
बाइक पर सवार थे पांच लोग
DCP क्राइम एंड ट्रैफिक IPS अमरिंदर सिंह ने बताया कि सुरजपुर ट्रैफिक थाना में तैनात राइडर SPO सेठपाल की नजर एक ऐसी बाइक पर पड़ी, जिस पर चालक समेत पांच लोग सवार थे। जिसमें नाबालिग बच्चे भी शामिल थे। बाइक पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठी होने के कारण राइडर ने बाइक चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पुलिस के इशारे की अनदेखी करते हुए बाइक नहीं रोकी। इसके बाद पुलिस टीम ने बाइक का पीछा कर उसे रोक लिया।
बाइक को किया इंपाउंड और काटा 19,500 का चालान
बाइक चालक द्वारा विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन पर 19,500 रुपये का चालान और बाइक को इंपाउंड किया गया।पुलिस कमिश्नर IPS पंकज नैन ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाना केवल अपनी मंजिल तक पहुंचने की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपने साथ-साथ दूसरे लोगों की जिंदगी की जिम्मेदारी भी है। एक चालक की छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी भर की खुशियां छीन सकती है।
यातायात नियमों का करें पालन
विशेष रूप से जब एक ही दोपहिया वाहन पर क्षमता से अधिक लोग, छोटे बच्चे या नाबालिग सवार हों, तो दुर्घटना की स्थिति में खतरा कई गुना बढ़ जाता है। मेरा सभी अभिभावकों और वाहन चालकों से आग्रह है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें, दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं, हेलमेट का प्रयोग करें और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं। घर सुरक्षित पहुंचना किसी भी जल्दबाजी या लापरवाही से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
अन्य खबरें जानें –
ਪੰਜਾਬ ਕਾਂਗਰਸ ਵਿੱਚ ਵੱਡਾ ਫੇਰਬਦਲ: ਅਮਰਿੰਦਰ ਸਿੰਘ ਰਾਜਾ ਵੜਿੰਗ ਦਾ ਅਸਤੀਫ਼ਾ ਮਨਜ਼ੂਰ, ਨਵੇਂ ਪ੍ਰਧਾਨ ਦੀ ਭਾਲ ਤੇਜ਼



