KAITHAL पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले 5 नशा तस्कर काबू, 48.35 ग्राम हेरोइन बरामद, एक फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में काबू

कैथल, 31 जुलाई कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल कैथल ने बड़ी कार्रवाई…

कैथल

कैथल, 31 जुलाई

कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल कैथल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित 5 आरोपियों को काबू किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस नाके को तोड़ने के लिए पुलिस की गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी तथा पुलिस कर्मियों की जान लेने का प्रयास किया।

घटना के बाद फरार हुए एक आरोपी को कुछ ही घंटों में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान काबू कर लिया।DSP रमेश चंद्र ने बताया कि एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी SI प्रदीप की अगुवाई में टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि काले रंग की महिंद्रा TUV-300 गाड़ी नंबर HR20AK-1200 में सवार कुछ युवक गांव फरल क्षेत्र में हेरोइन बेचने आए हुए हैं और गांव से निकलकर घोड़ा पुली चौक होते हुए मटरवा खेड़ी की ओर जाएंगे।

सूचना को विश्वसनीय मानते पुलिस टीम ने घोड़ा पुली चौक फरल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद उक्त गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से पुलिस की सरकारी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। अचानक हुए इस जानलेवा हमले में पुलिसकर्मी सतर्कता के कारण बाल-बाल बच गए।

टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी को पीछे मोड़कर भागने लगा, लेकिन गाड़ी सड़क किनारे खेत में उतरकर बंद हो गई। इसके बाद वाहन में सवार युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीन युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि 2 आरोपी फरार हो गए।

गिरफ्तार हुए युवकों की पहचान अमित कुमार निवासी बढ़सीकरी कला, दीपक निवासी खेड़ी मसानियां, विशाल निवासी मटोर के रूप में हुई। पीछा करने के दौरान पुलिस ने 15-20 मिनट बाद  अन्य आरोपी गुरदीप निवासी मटोर को भी पकड़ लिया। पूछताछ में फरार गाड़ी चालक की पहचान संदीप निवासी गांव मटोर के रूप में हुई।

पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे DSP सुशील प्रकाश के समक्ष गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी के डैशबोर्ड से एक पन्नी से 48.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद हेरोइन पांचों साथियों की है तथा वे इसे खरीदकर विभिन्न क्षेत्रों में नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस नाका देखकर उन्होंने चालक संदीप को किसी भी कीमत पर भागने के लिए कहा था, जिसके बाद उसने पुलिस की गाड़ी में जानबूझकर सीधी टक्कर मार दी।

DSP ने बताया कि घटना के बाद फरार आरोपी संदीप की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा लगातार उस क्षेत्र में खोजबीन की गई। रात करीब 11:00 बजे सूचना मिली कि एक युवक सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास आने-जाने वाले वाहनों को रुकवा रहा है। सूचना पर एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी SI प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर आरोपी संदीप भागने लगा तथा उसने अपने कब्जे में मौजूद अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

SI प्रदीप कुमार ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किए, लेकिन आरोपी ने जान से मारने की नियत से पुलिस पार्टी पर एक और फायर किया। गोली SI प्रदीप कुमार द्वारा पहनी गई बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे सुरक्षित बच गए। आरोपी द्वारा लगातार जानलेवा हमला किए जाने पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा एवं आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए उसकी टांगों की ओर फायर किया। इस दौरान एक गोली आरोपी की बाईं टांग में लगी, जिससे वह मौके पर गिर गया।

पुलिस टीम ने तत्काल उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी की पहचान संदीप निवासी गांव मटोर के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। DSP ने कहा कि कि नशा तस्करी एवं पुलिस पर हमला करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 अन्य खबरें जानें –

श्री फतेहगढ़ साहिब में मनाया गया शहीद ऊधम सिंह जी का शहीदी दिवस, ज़िला प्रशासन ने स्मारक पर श्रद्धांजलि करी अर्पित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *