Maharashtra Accident News: रविवार सुबह महाराष्ट्र के रत्नागिरी में मुंबई-गोवा हाईवे पर एलपीजी गैस टैंकर और मिनी बस के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद गैस लीक होने से भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि एक घर, एक गौशाला और कुछ वाहन जलकर राख हो गए. इस आग में गौशाला में मौजूद कई गायें जल गई. एलपीजी गैस टैंकर के लीक होने से आम की एक खेप भी जल गई.
ताजा जानकारी के मुताबिक एलपीजी गैस लीक होने की वजह से आसपास के इलाकों में आग बढ़ती जा रही है. हादसे के बाद मुंबई-गोवा हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है और लीक हो रही गैस को रोकने की कोशिशें जारी हैं.
गौरतलब है कि पिछले साल जयपुर में भी ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें एलपीजी गैस टैंकर और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की गंभीर रूप से जलने से मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस हादसे में कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए थे.
आसपास रहने वाले लोगों से इलाका खाली करवा दिया गया है. वहीं, बताया जा रहा है कि बस में बैठे करीब 12 यात्री घायल हुए हैं. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है. वहीं, जलती हुई गौशाला से पशुओं को बाहर निकाला गया.



