यमुनानगर, 1 अगस्त
यमुनानगर के सढौरा में धान की फसल के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज़ भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के सैकड़ों किसानों ने ब्लॉक प्रधान मतलूब हसन के नेतृत्व में साढ़ौरा पावर हाउस के सामने मोर्चा खोल दिया। किसानों ने सड़क पर दरी बिछाकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया।
भाकियू के जिला अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की लड़ाई में उनका संगठन हमेशा आगे खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के एक JE ने किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया, इसलिए उसके तबादले की मांग भी उठाई गई है। धान की फसल इस समय सिंचाई के सबसे अहम दौर में है, लेकिन लगातार बिजली कटौती के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। यदि यही हाल रहा तो किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो सकती है और लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा ।
किसानों का आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर साढ़ौरा पावर हाउस पहुंचे तो उनकी समस्या सुनने के बजाय कर्मचारियों ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसी से नाराज़ होकर किसानों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लखविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
XEN जगमीत सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और सड़क पर किसानों के बीच दरी पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के साथ-साथ JE राजन के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई। XEN जगमीत सिंह ने तय शेड्यूल के अनुसार पर्याप्त बिजली देने और किसानों के साथ बदसलूकी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त किया और करीब डेढ़ घंटे बाद सड़क जाम खोल दिया।
अन्य खबरें जानें-



