कलायत, 25 अगस्त
कलायत कस्बे में हल्की सी बारिश भी लोगों के लिए बड़ी आफत बन जाती है। मुख्य बाजार और कपन मुनि रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या के चलते पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का दर्द छलक उठा है। स्थानीय निवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि यह क्षेत्र कस्बे का सबसे नीचा क्षेत्र है, जहाँ जरा सी फुहार पड़ते ही घुटनों तक पानी भर जाता है।
बारिश थमने के बाद भी पानी की निकासी में 2 से 3 घंटे का समय लग जाता है, जिससे ग्राहकों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो जाता है और व्यापारियों का कारोबार ठप पड़ जाता है। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से इस गंभीर समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन कई नगर पालिका प्रशासनों, MC और चेयरमैन बदलने के बावजूद आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
जलभराव के कारण न केवल कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी जोखिम के साथ आवागमन करना पड़ता है। दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर पालिका से पुरजोर मांग की है कि इस पुरानी समस्या से निजात दिलाने के लिए जल्द से जल्द उचित जल निकासी का प्रबंध किया जाए।
अन्य खबरें जानें-



