पलवल, 21 अगस्त । कुछ लोगों ने सीमा पर चल रहे किसान आंदोलन में घुसकर वहां लगे बैनर फाड़ डाले और रसोई का सामान भी उठाकर फेंक दिया। हमलावरों की ओर से किसानों के टेंट और झोपड़ियों में भी आग लगाने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर किसानों के साथ मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जंगशेर सिंह ने बताया कि अटोहां गांव निवासी होश्यिार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि हाइवे पर गांव के समीप पिछले कई महिनों से किसान आंदोलन चला हुआ है। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगो को लेकर धरना पर बैठे हुए हैं। गुरुवार की सुबह बहरोला गांव निवासी एक युवक की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई, जिसके बाद बहरोला गांव निवासी सैंकड़ो लोग मौके पर आए और हाइवे को जाम कर दिया। जाम लगा रहे लोगों में उग्र होकर बहरोला गांव निवासी बुधसिंह व रवि अपने आठ-दस अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर धरना स्थल पर आए और आते ही दो पीतल के हुक्के तोड़ दिए, बैनर फाड दिए, रसोई का सामान फेंक दिया।
पंडाल व झोंपडियों में आग लगाने का प्रयास किया। विरोध करने पर किसान होशियार सिंह के साथ मारपीट भी की। जाते समय उक्त लोग धमकी देकर यदि यहां से धरने को नहीं हटाया तो मार-मार कर भगा दिया जाएगा। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



