कुरुक्षेत्र ,19 अगस्त
कुरुक्षेत्र में पुलिस की CIA-1टीम और दो शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। सेक्टर-7 स्थित सीनियर एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर हुई बंदूक की नोक पर लूट के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे दो आरोपियों ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों की टांग में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई फायरिंग
CIA-1के इंचार्ज प्रतीक कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एडवोकेट वालिया के घर हुई लूट के मामले में पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से 4 आरोपियों को 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस रिमांड पर लिए गए दो मुख्य आरोपियों साहिल (27 वर्ष, निवासी सोनीपत) और कमल (28 वर्ष, निवासी गांव रसूलपुर, पानीपत) को कुरुक्षेत्र फ्लावर सिटी के पीछे छिपाए गए हथियार बरामद कराने के लिए ले गई थी। जैसे ही आरोपियों ने हथियार निकाला, उन्होंने अचानक पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायर झोंक दिया।
32 बोर का असला बरामद
अचानक हुए हमले के बाद CIA-1की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों बदमाशों की टांगों में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत काबू में कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से लगभग 7 राउंड फायरिंग हुई। घटना की सूचना मिलते ही सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से 32 बोर का असला भी बरामद कर लिया है।
15 लाख कैश और ज्वेलरी बरामद
पुलिस के अनुसार इस डकैती के मामले में अब तक ₹15 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। फिलहाल दोनों घायल बदमाशों का इलाज पुलिस की कड़ी निगरानी में अस्पताल में जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
अन्य खबरें जानें-
पंचकूला राजीव कॉलोनी में बरसाती नाले में बहे दो व्यक्ति, एक रेस्कयू , दूसरे की तलाश में जुटी पुलिस



