Nuh में बिजली निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों का हल्ला-बोल, लाइसेंस देने पर किया विरोध प्रदर्शन, फूंके पुतले

नूंह, 21 अक्टूबर हरियाणा बिजली नियामक आयोग (HERC) द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी ‘इलेवन पावर’ को 25 वर्षों के लिए समानांतर बिजली…

नूंह

नूंह, 21 अक्टूबर

हरियाणा बिजली नियामक आयोग (HERC) द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी ‘इलेवन पावर’ को 25 वर्षों के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के फैसले के विरोध में हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन जताया। मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को नूंह में बिजली कर्मचारियों ने जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया और सरकार के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बिजली कर्मचारियों ने निजीकरण का किया विरोध

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया और उपमहासचिव विजय हुड्डा ने कहा कि सरकार की सह पर लिया गया निजीकरण का यह फैसला जनविरोधी और कर्मचारी विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुनाफे वाले और अधिक राजस्व देने वाले क्षेत्रों को निजी हाथों में सौंपकर सरकारी बिजली निगम दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) को कमजोर करने की साजिश कर रही है।उन्होंने कहा कि बिजली वितरण व्यवस्था का निजीकरण होने से सरकारी बिजली निगमों, कर्मचारियों, किसानों और आम उपभोक्ताओं के हित प्रभावित होंगे। संयुक्त मोर्चा इस फैसले का  विरोध करेगा और बिजली कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को तेज किया जाएगा।

बिजली दफ्तर से होडल बाईपास तक निकाला पैदल मार्च

प्रदर्शन में नूंह के साथ पलवल जिले के सैकड़ों बिजली कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कर्मचारियों ने नूंह स्थित बिजली दफ्तर से पैदल मार्च शुरू किया और होडल बाईपास पर पहुंचकर बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और HERC के चेयरमैन मुकेश गर्ग के पुतले फूंके। कर्मचारियों ने निजीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया।

तीन दिवसीय हड़ताल समेत आंदोलन का ऐलान

संयुक्त मोर्चा ने निजीकरण के फैसले के विरोध में आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत मंगलवार 20 अक्टूबर को प्रदेशभर में सरकार के प्रतिनिधियों के पुतले फूंकने, 21 अक्टूबर को HERC के आदेश की प्रतियां जलाने और 22, 23 व 24 अक्टूबर को तीन दिवसीय हड़ताल करने का ऐलान किया गया है। मोर्चा के अनुसार, 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हड़ताल के तीसरे दिन आगामी आंदोलन और भावी रणनीति की घोषणा की जाएगी।

अन्य खबरें जानें –

Chandigarh Missing : चंडीगढ़ में 13 साल की लड़की लापता, पुलिस ने लोगों से मदद मांगी, फोटो की जारी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *