Kedarnath Helicopter Emergency Landing : केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग, यातायात प्रभावित

Kedarnath Helicopter Emergency Landing: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ दर्शन के लिए जा रहे हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी…

Kedarnath Helicopter Emergency Landing: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ दर्शन के लिए जा रहे हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. हेलीकॉप्टर क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था, जो यात्रियों को केदारनाथ ले जा रहा था. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित है. (Kedarnath Helicopter Emergency Landing news in hindi)

मिली जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी का अहसास हुआ. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने पास की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करने का फैसला किया. हेलीकॉप्टर को हेलीपैड से कुछ ही दूरी पर स्थित सड़क पर सावधानीपूर्वक उतारा गया.

हेलीकॉप्टर के अचानक उतरने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. लेकिन जल्द ही यह स्पष्ट हो गया कि कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है. हेलीकॉप्टर में पायलट और छह यात्रियों समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया.

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और हवाई सुरक्षा से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए. हेलीकॉप्टर का निरीक्षण करने और तकनीकी खराबी का कारण जानने के लिए हेलीपैड से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई. फिलहाल हेलीकॉप्टर को उड़ान के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है और इसे सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

हेलीकॉप्टर में सवार एक यात्री ने मीडिया को बताया, “जैसे ही हमने उड़ान भरी, हेलीकॉप्टर से कुछ अजीब आवाजें आने लगीं. पायलट ने बहुत धैर्य और समझदारी से हेलीकॉप्टर को उतारा। हम सभी बहुत डरे हुए थे, लेकिन भगवान का शुक्र है कि सभी सुरक्षित हैं।” कंपनी ने आधिकारिक जानकारी दी.

केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा में तकनीकी खराबी आने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ सालों में मौसम, तकनीकी खराबी और कई बार मानवीय भूल के चलते हेलीकॉप्टर की उड़ानें बाधित हुई हैं या फिर आपातकालीन स्थिति में उन्हें उतारना पड़ा है। यही वजह है कि अब हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं. जिला प्रशासन ने तत्काल घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *