ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जेजेपी प्रमुख और पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा और 75 पार के नारे को निशाने पर लिया। दुष्यंत ने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में 75 पारा का नारा देकर अपनी नाकामियों को छुपा रही है।
दुष्यंत ने कहा कि भाजपा 75 पार नहीं, बल्कि सत्ता से बाहर जाएगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा पैसों के दम पर सत्ता हथियाना चाहती है, लेकिन भाजपा की मनी पावर पॉलिसी को जेजेपी- बसपा गठबंधन का मनेपावर फेल कर देगा।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन मैं उनसे से यह पूछना चाहता हूं कि वे प्रदेश की जनता से किस काम का आशीर्वाद मांग रहे हैं? दुष्यंत ने पूछा कि सीएम 80 लोगों को मरवाने, पांच हज़ार करोड़ से ज्यादा ओवरलोडिंग घोटाले, रोडवेज में किलोमीटर स्कीम घोटाले , दवा घोटाले, मीटर घोटाले का आशीर्वाद या एससी एसटी छात्रों की छात्रवृत्ति डकारने का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
दुष्यंत ने भी बताया कि सीएम मनोहर लाल ने खुद ये माना है कि भाजपा में घोटाले हुए हैं। जिससे साफ जाहिर होता कि भ्रष्टाचार कम नहीं बल्कि बढ़ा है। दुष्यंत ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर इन सभी घोटालों की जांच कर वे रिकवरी करेंगे।
बता दें कि दुष्यंत चौटाला भिवानी, फतेहाबाद और सिरसा जिले में आयोजित जिला स्तरीय बैठकों में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को महम में जननायक चौधरी देवी लाल की जयंती पर सम्मान दिवस मनाया जा रहा है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में जेजेपी-बीएसपी के कार्यकर्ता पहुंचें और महम की धरती से भाजपा को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।




