ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला का सपना चौधरी पर विवादित बयान वाला मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सपना चौधरी के पक्ष में खड़ी बीजेपी अब हमलावर हो गई है और दिग्विजय पर लगातार जुबानी वार कर रही है।
कृषि मंत्री ओपी धनखड़ के बाद अब हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि, दिग्विजय ने ऐसा बयान देकर महिलाओं का अपमान किया है। उन्हें महिलाओं व सपना चौधरी से कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।

महिला आयोग ने थमाया नोटिस
वहीं महिला आयोग ने भी दिग्विजय चौटाला के इस बयान को महिला का अपमान बताया है और कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हैरानी की बात तो यह है कि, नोटिस मिलने के बाद भी जेजेपी नेता अपने बयान पर कायम है और कह रहे हैं कि, उन्होंने किसी महिला का अपमान नहीं किया है। वे दो दिन के अंदर नोटिस का जवाब दे देंगे।

बता दें, रविवार को सपना चौधरी बीजेपी में शामिल हो गईं। इसके बाद दिग्विजय चौटाला ने सपना को लेकर विवादित बयान देना शुरू कर दिया। उन्होंने ये तक कह डाला कि, सपना की कला अश्लील है और बीजेपी सपना के ठुमके के जरिए वोट हासिल करेगी।

