न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : क्या आप जानते हैं सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के बैंक खातों में करोड़ों रूपये जमा हैं। अकेले सिरसा डेरे के तीन बैंक में 90 से ज्यादा बैंक खातें है, जिससे 68.50 करोड़ रूपये मिले हैं। दरअसल 25 अगस्त को पंचकूला की विशेष CBI अदालत में सुनवाई के बाद बाबा गुरमीत राम रहीम को दोषी ठहराया गया, जबकि कोर्ट ने डेरे के बैंक खातों को जब्त करने का निर्देश भी दिया था। इसके बाद शुरू हुई कार्रवाई में 90 बैंक खातों को सील करके 68.50 करोड़ रूपये जब्त किए गए हैं।
बैंक खातों की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सिरसा डेरा ने कई बैंकों से करोड़ों रूपये कर्ज के रूप में भी लिए हैं। जबकि करोड़ों रूपये फिक्स्ड डिपोजिट किया गया था। हैरानी की बात यह है कि कर्ज में ली गई रकम डिपॉजिट की तुलना में काफी कम है। वहीं नए डेरा स्थित HDFC बैंक में हनीप्रीत का खाता होने का पता चला है। लेकिन इसे अभी तक फ्रीज नहीं किया गया है। जांच में पता चला है कि यह खाता 2012 में खोला गया था। हालांकि, यह जांच के बाद ही पता चलेगा कि अभी डेरे के कितने खाते हैं।

