न्यूज़ डेस्क/लिविंग इंडिया : शौक बड़ी चीज़ है, क्या इतनी बड़ी की आप अपनी ज़िंदगी को दांव पर लगा दें। दरअसल, टैटू के दीवाने तो दुनियाभर में लाखों मिल जाएंगे, लेकिन एक बार आप दिल्ली के करण (28) को देख लें तो आपको अंदाज़ा हो जाएगा, सही मायनों में शौक कितनी बड़ी चीज़ है। करण ने ऑयबॉल टैटू (Eyeball Tattoo) बनवाया है। टैटू के शौक़ीन करण को इसके लिए डॉक्टर ने समझाया कि यह बहुत खतरनाक हो सकता है, लेकिन उन्होंने आगे बढ़ने का फैसला लिया और आज उनकी आंखें देखकर आपको यकीन हो जाएगा कि टैटू का क्रेज किस कदर बढ़ता जा रहा है। 
ऑयबॉल टैटू पिछले कुछ वक़्त में काफी लोकप्रिय हुआ है, हालांकि इसमें काफी खतरा भी है। इसमें इंजेक्शन से आखों में विशेष स्याही डाली जाती है। इसमें लाखों रुपए का खर्च भी आता है। जरा सी गलती होने पर आपके आंखों की रौशनी हमेशा के लिए चली जाएगी, इतना खतरा होने के बाद भी करण ने टैटू बनवाने का फैसला कर लिया। टैटू बनवाने के कुछ दिनों तक आप बिना चश्मे के धूप में जाएंगे तो काफी दिक्कत होगी। आपको असहनीय पीड़ा होगी, बावजूद लोग ऑयबॉल टैटू बनवाने से पीछे नहीं हैट रहे हैं। करण भी उनमें से एक हैं, जिनके लिए ऑयबॉल टैटू सबसे पहला प्यार है। 
हालांकि भारत में अभी ऑयबॉल टैटू उतना लोकप्रिय नहीं हुआ है। लेकिन लोग अमरीका और दूसरे जगह पर जाकर टैटू बनवा रहे हैं। अमरीका के तो कई राज्यों में ऑयबॉल टैटू पर रोक लगाने की बात कही जा रही है, क्योंकि इसका खतरा बहुत ज्यादा है। इसके बावजूद करण जैसे लोग भी हैं, जिनके लिए शौक से बढ़कर कुछ भी नहीं। यह भी कहा जा सकता है कि लोग दूसरों को प्रभावित करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, करण भी उनमें से एक हैं। लेकिन हम आपको सलाह देंगे कि इस तरह का कोई कदम उठाने से पहले अच्छी तरह सोच और विचार कर लें।
