न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को विशाखापत्तनम में Warship INS Kiltan को नौसेना को सौंप दिया। INS Kiltan को स्वदेशी तकनीक से बनाया गया है और यह समुद्र के नीचे होने वाली लड़ाईयों में बिना सामने आए ही दुश्मनों को मात देने का माद्दा रखता है। दुश्मनों की नजर से बचने के लिए इसमें कार्बन फाइबर कंपोजिट का इस्तेमाल किया गया है। इससे वारशिप का वजन कम होने के साथ ही इसके रखरखाव में होने वाले खर्च में भी काफी कमी आएगी।
INS Kiltan भारत की सबसे प्रमुख वारशिप है जिसने हर ट्रायल को सफलतापूर्वक पूरा किया है। ट्रायल के दौरान इससे हर हथियार का सटीक परीक्षण किया गया है। आने वाले वक्त में वारशिप से नजदीकी दूरी तक यात्रा करने में सक्षम हेलिकॉप्टर भी जोड़ा जाएगा। भारतीय नौसेना ने कहा है कि इस वारशिप को निर्माण प्रोजेक्ट 28 के तहत किया गया है। कामोत्रा क्लास की इस वारशिप में शक्तिशाली टॉरपीडो, एएसडब्ल्यू रॉकेट्स, 73 मिमी मीडियम रेंज गन, 30 मिमी के दो मल्टी-बैरल गन भी लगाए गए हैं।
वारशिप में फायर कंट्रोल सिस्टम भी लगाया गया है। साथ ही यह दुश्मनों की मिसाइल को भी नष्ट कर सकता है। इसका सोनार और निगरानी प्रणाली पहले से ज्यादा ताकतवर बनाया गया है। रक्षा मंत्री ने कहा है कि INS Kiltan को मेक इन इंडिया को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसके भारतीय नौसेना में शामिल होने से देश की सुरक्षा काफी सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम के दौरान नौसेना अध्यक्ष एडमिरल सुनील लन्बा, ईस्टर्न नेवल कमांड के कमांडिंग चीफ फ्लैग ऑफिसर एचएस बिस्ट समेत वरीय अधिकारी मौजूद थे।
