चंडीगढ़, 23 नवंबर: ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 307वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 525 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू किए गए इस निर्णायक अभियान—‘गैंगस्टरां ते वार’—की शुरुआत पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने 20 जनवरी, 2026 को की थी। राज्यभर में पुलिस टीमें ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ), पंजाब के समन्वय से विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 307वें दिन पुलिस टीमों ने 201 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक हथियार बरामद किया। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 86,259 हो गई है।
इसके अतिरिक्त, 238 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है। इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सात भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
आम लोग ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन’ नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय रूप से जानकारी दे सकते हैं तथा अपराधों एवं आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी सूचना साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 632वें दिन भी जारी रखा। आज 169 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 18.8 किलोग्राम हेरोइन, 1.8 किलोग्राम अफीम, 562 नशीली गोलियां तथा 200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 632 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 94,746 तक पहुंच गई है।
नशामुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में पंजाब पुलिस ने आज 38 व्यक्तियों को नशा छोड़ने तथा पुनर्वास के लिए उपचार करवाने हेतु प्रेरित किया है।

