चंडीगढ़, 30 अप्रैल: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक ‘गैंगस्टरों ते वार’ मुहिम के 100वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 635 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि “गैंगस्टरों ते वार” पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने की दिशा में एक निर्णायक अभियान है, जिसे 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुरू किया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (ए जी टी एफ ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
100वें दिन पुलिस टीमों ने 6 हथियारों के साथ 334 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 25,352 हो गई है।
इसके अलावा 118 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 85 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 7 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के जरिए गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी साझा कर सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं दे सकते हैं।
इस दौरान पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” के 425वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए आज 109 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 11.4 किलोग्राम हेरोइन, 2.5 किलोग्राम अफीम, 58 किलोग्राम भुक्की, 115 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 24,010 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही केवल 425 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 61,678 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 32 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित भी किया।


