अबोहर, 13 जुलाई
अबोहर उपमंडल के गांव मौजगढ़ से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है। दो चचेरे भाई बहन की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। आज सुबह तक दोनों के शव डिग्गी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाए गए।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मौजगढ़ निवासी दीपक और रंजीत दोनों पुत्र मुन्ना लाल गांव में ही खेतीबाड़ी का कार्य करते है। दीपक के एक बेटा और एक बेटी जबकि रंजीत के चार बेटियां थीं। गत दिवस सुबह करीब 11 बजे दीपक का करीब 6 वर्षीय बेटा सिद्धांत अपने चचेरे भाई करीब 8 वर्षीय लवप्रीत पुत्री रंजीत के साथ खेल-खेल में घर से बाहर निकल गए। दोपहर तक तब यह दोनों घर नहीं आए तो उनकी तलाश शुरू हुई ।
लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शाम तक जब बच्चे नहीं मिले तो पूरे गांव के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। आसपास गांवों, खेतों और ढाणियों में उनकी तलाश की जाने लगी। इसी दौरान रात्रि करीब 2 बजे गांव से काफी दूर जाखड़ की टाफी फैक्ट्री के पास बनी पानी वाली डिग्गी में लडक़ी लवप्रीत का शव बरामद हो गया। इसके बाद लोगों ने उसी डिग्गी में सिद्धांत की तलाश शुरू की और सुबह करीब 5 बजे सिद्धांत का शव बरामद किया जा सका।
इधर दोनों बच्चों की मौत का दुखद समाचार सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना खुईयां सरवर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। मृतक सिद्धांत परिवार की पांच बहनों के बीच अकेला भाई था।
अन्य खबरें जाने –



