राहुल गांधी ने GST का मतलब बताया ‘गब्बर सिंह टैक्स’

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : भले ही गुजरात विधानसभा चुनाव के तिथि की घोषणा नहीं हुई हो, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है।…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : भले ही गुजरात विधानसभा चुनाव के तिथि की घोषणा नहीं हुई हो, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा जहां स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसे गुजरात में जीत दोहराने के लिए उतरेगी। वहीं कांग्रेस के सिर पर जीत का सेहरा सजाने का जिम्मा मिला है पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को। इसकी झलक सोमवार को देखने को मिली, जब गांधीनगर पहुंचे राहुल गांधी ने पार्टी का चुनावी बिगुल फूंक दिया।

GST ने बढ़ाई देश के जनता की परेशानी 

राहुल गांधी ने सोमवार को मोदी सरकार को कठघरे में खड़े करने की कोशिश की। राहुल ने केंद्र सरकार के GST पर जोरदार हमला बोला। राहुल ने GST को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार देते हुए कहा कि इससे आम जनता से लेकर व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार विरोध के हर सुर को दबाना चाहती है, लेकिन युवा मोदी सरकार के दबाने से नहीं झुकने वाले हैं। इसका खामियाजा केंद्र सरकार को उठाना पड़ेगा।

गुजरात में 22 सालों से तानाशाही राज

गुजरात की बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 22 सालों से यहां तानाशाही का शासन रहा है। लेकिन नरेंद्र मोदी को पता होना चाहिए कि दुनिया की सारी दौलत गुजरात और गुजरात के लोगों को नहीं खरीद सकती है। गुजरात में बिजनेसमैन के हाथों में सत्ता की बागडोर है। राहुल ने केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया पर भी करारा तंज कसा। कहा कि मेक इन इंडिया के बावजूद युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही। सरकार सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करने में मशगूल है।

केंद्र में अभी चल रही सेल्फी की सरकार 

राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि अभी केंद्र में सेल्फी की सरकार है। भारतीय बाजार पर चीन का कब्जा होता जा रहा है। हर दिन गुजरात से 30 हजार युवा नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। अभी गुजरात में 30 लाख युवा बेरोजगार हैं। गुजरात में नैनो कार प्रोजेक्ट के लिए 35 हजार करोड़ दिए गए। गुजरात के उद्योगपतियों को 1.30 लाख करोड़ दिया गया है, लेकिन राज्य सरकार के पास गुजरात के किसानों को देने के लिए कोई फंड नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *