न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए 11 अक्टूबर के मतदान के बाद रविवार को वोटों की गिनती हुई। जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने 1,93,219 वोटों से शानदार जीत दर्ज की। 2017 पंजाब विधानसभा चुनाव में भले ही सुनील जाखड़ को हार का मुंह देखना पड़ा लेकिन गुरदासपुर उपचुनाव में उन्होंने अपनी जीत का परचम लहराया। बीजेपी के उम्मीदवार स्वर्ण सलारिया और आम आदमी पार्टी उम्मीदवार सुरेश खजूरिया को उन्होंने भारी अंतर से पछाड़ दिया।
पंजाब में सरकार बनने के बाद गुरदासपुर उपचुनाव कांग्रेस के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा था। इसी चुनाव में जनता को यह बताना था कि कांग्रेस के अब तक के कार्यकाल से वो कितने संतुष्ट हैं। हालांकि बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने सुनील जाखड़ को बाहरी उम्मीदवार बताकर वोट हथियाने की कोशिश की, लेकिन गुरदासपुर की जनता ने जाखड़ पर भरोसा जताया। अबोहर से हारकर गुरदासुर में बड़ी जीत दर्ज करने वाले सुनील जाखड़ का राजनीतिक सफर शानदार रहा। विधानसभा के बाद लोकसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने से सुनील जाखड़ के साथ समूची कांग्रेस जश्न मना रही है। सुनील जाखड़ की शानदार जीत पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से उन्हें बधाई दी है।
एक नजर में सुनील जाखड़ का राजनीतिक सफर
- सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष
- अबोहर विधानसभा सीट से तीन बार जीते
- साल 2002 में पहली बार बने विधायक
- साल 2007 में दोबारा जीता विधानसभा चुनाव
- तीसरी बार साल 2009 में चुने गए विधायक
- 2017 के विधानसभा में करना पड़ा हार का सामना
- 2012 से 2016 तक निभाई नेता विपक्ष की भूमिका
- कांग्रेस के कद्दावर नेता थे पिता बलराम जाखड़

