ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा विधासभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद करते हुए भाजपा ने हिसार से संकल्प पत्र संकलन रथ यात्रा सोमवर को रवाना कर दी। इसी दौरान सुभाष बराला ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि, हरियाणा में इस समय न तो कांग्रेस और न ही इनेलो या जजपा का कोई जनाधार है।
जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने सभी 10 सीटों पर विजय दिलाकर भाजपा की नीतियों पर मुहर लगाई है उसी प्रकार विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा में जनता जनार्दन का आशीर्वाद फिर से भाजपा को मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पिछले दिनों एक रैली में कहा है कि वे प्रदेश में हवा बदल देंगे। इसके जवाब में सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश की हवा तो पूरी तरह से बदली हुई है और यह भाजपा के पक्ष में चल रही है।
पूरे प्रदेश की जनता को इस बात की समझ है कि उनका हित और हरियाणा का विकास केवल भाजपा ही करवा सकती है। अन्य पार्टियों के गठबंधन की सुगबुगाहट से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गठबंधन तो तब होता है जब किसी पार्टी का जनाधार होता है।


