नूंह, 2 अगस्त
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नूंह जिले के खेड़ला गांव स्थित कम्युनिटी सेंटर में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे।बैठक स्थल पर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और पार्टी की भावी गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं से सुझाव और फीडबैक लेकर संगठन को और प्रभावी बनाने की दिशा में चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संजय दत्त द्वारा हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी का कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहले चंडीगढ़ में जनरल बॉडी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से संवाद किया गया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि जो कार्यकर्ता चंडीगढ़ की बैठक में शामिल नहीं हो सके, उनसे जिला स्तर पर जाकर संवाद किया जाएगा।
कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि 19 जुलाई से पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। दूसरे चरण में दक्षिण हरियाणा के फरीदाबाद, पलवल और नूंह में बैठकें की जा रही हैं, जबकि इसके बाद रेवाड़ी और गुरुग्राम में कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि इस माह के भीतर प्रदेश के सभी जिलों में संगठनात्मक बैठकें पूरी कर ली जाएंगी।राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करना है।
जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है तथा ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। अब मंडल अध्यक्ष, ग्राम समितियां, शहरी क्षेत्रों में वार्ड समितियां और बूथ स्तर की मजबूत कमेटियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में ब्लॉक स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और बिहार के बाद हरियाणा ऐसा प्रदेश है, जहां बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं।
इस विषय पर कांग्रेस 8 अगस्त को सोनीपत में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित करेगी, जिसमें सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और इस विषय के विशेषज्ञ भाग लेंगे। दिल्ली से भी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है।प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं की एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रयास है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और नए मतदाताओं का भी पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है, वहां भाजपा गड़बड़ी करने का प्रयास कर सकती है। इसे देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं भी मतदाता सूची या चुनाव प्रक्रिया में कोई अनियमितता सामने आती है तो कांग्रेस जिला प्रशासन से लेकर प्रदेश स्तर तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी।
अन्य खबरें जानें –


