ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:पूरे देश में भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के निधन पर शोक की लहर फैली हुई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि मंत्री ओपी धनखड़ और पंजाब के बीजेपी अध्यक्ष श्वते मलिक ने सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।
सीएम मनोहर लाल नई दिल्ली में हरियाणा भवन में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री दिवंगत सुषमा स्वराज को हरियाणा की बेटी बताते हुए कहा कि वे एक अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नेत्री थी। वे हम सभी को अचानक छोड़कर चली गई, ये क्षण हम सभी के लिए दुख का क्षण है।
उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज का हरियाणा से विशेष स्नेह था, उनके जाने से हम सभी को बहुत क्षति हुई है। समय-समय पर हम हरियाणा के संदर्भ में उनसे चर्चा करते थे। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि उनका व्यक्तित्व अत्यंत संवेदनशील था। विदेश मंत्री के रूप में वे अप्रवासी भारतीयों की हर समस्या का अंतराष्ट्रीय स्तर पर समाधान करवाती थी। वे अत्यंत ही योग्य नेत्री थी और सदैव जनता की सेवा में लगी रहती थी।
वहीं, हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने भी सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन से समाज और राजनीति में हुए शून्य को भर पाना कठिन है। उन्होंने अपने कार्य क्षेत्र में श्रेष्ठ आदर्श स्थापित किए हैं। हमें समय-समय पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।
वहीं, हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार और भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने भी दिवंगत सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।




