Raj Bhavan Chandigarh:
ओलंपियन संजय, जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हॉकी चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्हें आज पंजाब राज भवन में एक विशेष भेंट के दौरान पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने सम्मानित किया. राज्यपाल ने एशिया कप 2025 में स्वर्ण पदक जीतने की संजय की उपलब्धि को उनके करियर का एक और स्वर्णिम अध्याय करार दिया. उन्होंने संजय की चंडीगढ़ हॉकी अकादमी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक की यात्रा को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया. साथ ही कोच की भी सराहना की, जिन्होंने अनुशासन और टीम भावना से खिलाड़ियों को तराशने में अहम योगदान दिया.
सम्मान समारोह में मौजूद रहे अधिकारी
सम्मान समारोह में हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा और उपाध्यक्ष अनिल वोहरा भी उपस्थित रहे. उन्होंने राज्यपाल को संजय की यात्रा और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की उस भूमिका के बारे में जानकारी दी, जो विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को तैयार करने में सहायक हो रही है.
हॉकी चंडीगढ़ के लिए गौरव का क्षण
इस अवसर पर अध्यक्ष करण गिलहोत्रा ने कहा, “संजय की मेहनत और उपलब्धियां हॉकी चंडीगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं. उनकी निष्ठा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरक उदाहरण है. कार्यक्रम के दौरान भावुक होते हुए संजय ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और चंडीगढ़ प्रशासन का निरंतर सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया.



