चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के मौली जागरां थाना क्षेत्र में स्थित सुंदर नगर लाइट प्वाइंट के पास हुए एक सड़क हादसे में एक अज्ञात साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना 15 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच हुई, जब तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
प्रत्यक्षदर्शी अरुण कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने परिचित को छोड़कर घर लौट रहे थे। सुंदर नगर लाइट प्वाइंट पार करने के बाद उन्हें तेज आवाज सुनाई दी। पीछे मुड़कर देखने पर एक मोटरसाइकिल साइकिल सवार को टक्कर मार चुकी थी। जब तक वह मौके पर पहुंचे, आरोपी मोटरसाइकिल चालक फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर किया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। इसी दौरान गश्त कर रही सरकारी टीम घायल को तुरंत जीएमसीएच-32 अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने पर मौली जागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त साइकिल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य एकत्र किए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 6 इंच, रंग गोरा, शरीर स्वस्थ एवं चेहरा गोल है। हादसे के समय उसने सफेद रंग की शर्ट, ग्रे रंग की पैंट और काली बनियान पहन रखी थी। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसके परिजनों और स्थानीय लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पहचान के लिए तस्वीर जारी करने की तैयारी
मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के उद्देश्य से उसकी तस्वीर प्रमुख समाचार चैनलों और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी करने का निर्णय लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि तस्वीर सार्वजनिक होने के बाद किसी व्यक्ति द्वारा मृतक की पहचान की जा सकेगी और मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पुलिस की अपील
चंडीगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस मृतक की पहचान करता है या दुर्घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी रखता है, तो वह तुरंत थाना मौली जागरां या चंडीगढ़ पुलिस से संपर्क करे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

