ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब के कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत के पद से इस्तीफा देने के बाद ही सूबे का राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया है। राणा गुरजीत के इस्तीफे पर आम आदमी पार्टी के विधायक और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैरा ने खुशी जाहिर करते हुए कांग्रेस आलाकमान को शुक्रिया कहा है। वहीं नारंग कमीशन पर हुए खर्च को रिकवर करने की मांग की तो दूसरी तरफ पीपीएससी और आरटीआई कमीशन में होने वाली नियुक्तियों पर भी सवाल खड़ा करने से पीछे नहीं हटे।
दरअसल, यह पंजाब की राजनीति का मिजाज है, जिस पर ठंड के मौसम का भी प्रभाव नहीं पड़ता है। ठंड होने के बावजूद यहां का राजनीतिक पारा लगातार उपर जाता रहता है। और, यह बयानबाजी की शक्ल में असली लड़ाई राणा गुरजीत और सुखपाल सिंह खैरा के बीच देखने को मिलता रहता है। राणा गुरजीत पर रेत खदान घोटाले में शामिल होने का आरोप खैरा की तरफ से काफी समय से लगाया जाता रहा है।
कमीशन पर हुए खर्च की सरकार करे रिकवरी
कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व ने राणा गुरजीत के इस्तीफे को स्वीकार करने का फैसला ले लिया है तो सुखपाल सिंह खैरा राहुल गांधी को बधाई देने से पीछे नहीं हट रहे हैं। खैरा ने लिविंग इंडिया न्यूज के संवाददाता सुमित जोशी से बातचीत के दौरान कहा कि पहले कांग्रेस भ्रष्टाचारियों का साथ देती थी, लेकिन राहुल गांधी के अध्यक्ष बनते ही बदलाव होने लगा है। जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह राणा गुरजीत को बचा रहे थे। सुखपाल सिंह खैरा ने तो आरोप की शक्ल में यह सवाल भी उठा दिया है कि जो कमीशन राणा गुरजीत को क्लीनचिट देता हुआ नजर आ रहा था, उस कमीशन पर जो खर्च हुआ उसकी पूरी रिकवरी करके पंजाब के खजाने में जमा करना चाहिए। साथ ही जस्टिस नारंग कमीशन को जनता के बीच जाकर माफी मांगनी चाहिए। आरोप मढ़ा कि पीपीएससी और आरटीआई कमीशन की नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी की गई है।
भले ही सुखपाल सिंह खैरा ने राणा गुरजीत का इस्तीफा स्वीकार करने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद दिया है, लेकिन यह राजनीतिक मजबूरी नहीं है। यह पंजाब की राजनीति का मिजाज है जो नेता मौका-बेमौका भुनाने की कोशिश करते रहते हैं। क्योंकि एक तरफ नेता विपक्ष सुखपाल सिंह खैरा कांग्रेस आलाकमान के फैसले का स्वागत कर रहे हैं तो कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी गंभीर आरोप मढ़ने से नहीं चूक रहे।

