ICAI CA Exam 2025 Postponed: देश में चल रहे तनावपूर्ण और असुरक्षित हालात को ध्यान में रखते हुए भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) ने मई 2025 में होने वाली CA परीक्षा के बचे हुए पेपरों को स्थगित करने का फैसला किया है. जिन उम्मीदवारों ने इस चार्टर्ड अकाउंटेंट परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, वे ICAI की वेबसाइट पर जाकर आधिकारिक नोटिफिकेशन देख सकते हैं.
ICAI ने कहा, “देश में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए, यह सूचित किया जाता है कि 9 मई से 14 मई, 2025 तक आयोजित होने वाले सीए फाइनल, इंटरमीडिएट और पोस्ट-क्वालिफिकेशन कोर्स (इंटरनेशनल टैक्सेशन असेसमेंट टेस्ट – आईएनटीटी एटी) के शेष पेपर स्थगित कर दिए गए हैं।”
संयुक्त परीक्षा सचिव सीए आनंद कुमार चतुर्वेदी ने कहा, “उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट के लिए संस्थान की वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें.”
पिछले कार्यक्रम के अनुसार, ICAI CA मई 2025 परीक्षा तिथियां 2 से 14 मई के बीच निर्धारित की गई थीं। CA इंटरमीडिएट परीक्षा में, ग्रुप 1 के पेपर 3, 5 और 7 मई को आयोजित होने वाले थे, जबकि ग्रुप 2 की परीक्षाएं 9, 11 और 14 मई को आयोजित होने वाली थीं.
इसी तरह, CA फाइनल परीक्षा में ग्रुप 1 के पेपर 2, 4 और 6 मई और ग्रुप 2 के पेपर 8, 10 और 13 मई, 2025 को होने थे. इंटरमीडिएट कोर्स की परीक्षाएं प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी थीं. अंतिम पाठ्यक्रम की परीक्षाओं में, पेपर 1 से 5 के लिए समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक था, जबकि पेपर 6 के लिए समय दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक था. अब इन सभी पेपरों की नई तारीखों की घोषणा स्थिति सामान्य होने के बाद की जाएगी.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



