ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: देश इस समय आर्थिक मंदी से जूझ रहा है। साल 2019 के पहले क्वाटर में देश की जीडीपी 5 फीसदी रही थी। मंदी के कारण ऑटोमोबाइल से लेकर हाउसिंग और रियल एस्टेट सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि बॉलीवुड इस मंदी से अछूता है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का बेहतरीन कलेक्शन इस बात की गवाही दे रहा है। वहीं, बीते दिनों केन्द्रीय संचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि, फिल्में करोड़ों का कारोबार कर रही हैं, तो फिर देश में मंदी कहां है। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 3 फिल्मों ने 120 करोड़ रुपये की कमाई की।
वहीं, बॉलीवुड ट्रेड एनालिस्ट आदरेश का कहना है कि, इस साल न केवल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़ा है, बल्कि हिट फिल्मों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। आदर्श के अनुसार, बॉक्स ऑफिस पर कहानियां अच्छी आ रही हैं। इस वजह से लोग सिनेमाघरों में जा रहे हैं और बेहतर बॉक्स ऑफिस परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस साल हुईं करीब इतनी फिल्में रिलीज
हिंदी बॉक्स ऑफिस पर इस साल अब तक करीब 195 (27 हॉलीवुड समेत) फिल्में रिलीज हो चुकी हैं, जिनका साझा कलेक्शन करीब 4418 करोड़ रुपए है। जबकि 2018 में 220 फिल्में आई थीं और सभी ने कुल 4422.31 करोड़ रुपए कमाए थे।
वहीं, ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल के मुताबिक, लोग मनोरंजन के मामले में समझौता नहीं करते हैं। बॉलीवुड में पिछले दो साल से काफी अच्छा दौर चल रहा है। पिछले दो साल से फिल्में बॉक्स ऑफिस में बेहतरीन कमाई कर रही है। ऐसे में फिल्म इंडस्ट्री का टर्नओवर साल 2019 में साल 2018 के मुकाबले 20 से 25 फीसदी ज्यादा होगा।


