न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ब्लू व्हेल गेम को राष्ट्रीय समस्या बताते हुए पब्लिक ब्रॉडकास्टर और निजी चैनल्स को जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। ब्लू व्हेल गेम को बैन करने से संबंधित याचिका की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ब्लू व्हेल गेम राष्ट्रीय समस्या के समान है और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाए जाने की जरूरत है। इसके लिए दूरदर्शन के अलावा दूसरे निजी चैनल्स को जागरूकता अभियान चलाने की हिदायत दी।
दूसरी तरफ केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एक एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी ब्लू व्हेल गेम से जुड़े मुद्दों का अध्ययन करके तीन महीने के अंदर रिपोर्ट सौपेंगी। इसके पूर्व केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट से आग्रह किया था कि एक कमेटी का गठन करके ब्लू व्हेल गेम से होने वाली मौतों की जानकारी जुटाए। आपको बता दें कि देश में ब्लू व्हेल गेम के कारण बढ़ती जा रही मौतों से केंद्र सरकार, बच्चों के अभिभावक के साथ ही सुप्रीम कोर्ट भी काफी चिंतित है।
दरअसल, ब्लू व्हेल चैलेंज एक ऐसा गेम है, जिसमें प्लेयर को 50 स्टेज पूरे करने होते हैं और आखिरी स्टेज में खुदकुशी करना होता है। पिछले कुछ महीनों में इस गेम के कारण देशभर से छात्रों के खुदकुशी की खबर सामने आती रही है। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट से मामले में दखल देकर ब्लू व्हेल चैलेंज गेम पर रोक लगाने की मांग की गई। अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इस जानलेवा गेम पर बैन लगता है या नहीं। वहीं जागरूकता अभियान का सही से पालन किया जाता है कि नहीं।
