रादौर, 27 अगस्त
भारतीय किसान यूनियन ने गन्ने के भाव और धान की सरकारी खरीद को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। रादौर में आज हुई जिला स्तरीय बैठक के बाद यूनियन ने 3 सितंबर को प्रदेश स्तरीय महापंचायत बुलाने की घोषणा की है। बीकेयू जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2012-13 में भी रादौर की धरती से किसानों के आंदोलन की शुरुआत हुई थी और किसानों ने गन्ने के भाव में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करवाने में सफलता हासिल की थी। उन्होंने कहा कि इस बार भी किसान अपने हक के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में संजू गुंदियाना ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में गन्ने के भाव में नाममात्र बढ़ोतरी हुई है, जबकि चीनी के दाम 60 रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच चुके हैं। उचित भाव नहीं मिलने के कारण किसान धीरे-धीरे गन्ने की खेती से विमुख हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की मांगों को लेकर 3 सितंबर को शहीद ऊधम सिंह काम्बोज धर्मशाला रादौर में प्रदेश स्तरीय महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें पूरे हरियाणा से किसान शामिल होंगे।
महापंचायत के बाद किसान एकजुट होकर कृषि मंत्री के निवास की ओर प्रदर्शन करते हुए जाएंगे और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। किसान यूनियन की प्रमुख मांगों में गन्ने का भाव कम से कम 700 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने और 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू किए जाने की मांग शामिल है।
अन्य खबरें जानें –



