ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश में घोटालों की शिकायतों को लेकर कड़ा रूख अपना रहे है। इसी कड़ी में उन्होंने पंचायत विभाग में घपले की शिकायतों पर तुरंत जांच शुरू करवा दी है।
दरअसल, हरियाणा के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग में करोड़ों रुपये का घोटाला होने की आशंका है। राज्य के कई जिलों में बिना पंचायत समितियों के प्रस्ताव और बिना टेंडर के ठेकेदारों को काम आवंटित किए जा रहे हैं। नियम यह है कि 20 लाख रुपये से अधिक के काम ऑनलाइन टेंडर के जरिए ही हो सकते हैं। सबसे अधिक शिकायत फतेहाबाद, सिरसा और जींद जिलों की हैं। दुष्यंत चौटाला ने इन तीनों जिलों समेत सात जिलों में पंचायत विभाग के इस भ्रष्टाचार की जांच के आदेश दे दिए हैं।
