झज्जर , 13 जुलाई
झज्जर में अधिवक्ताओं ने खोला बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा : चेंबर परिसर में घुसकर अधिवक्ताओं के चैंबरों की लाइट काटने से नाराज थे अधिवक्ता कहा: बगैर नोटिस के काट दी गई अधिवक्ताओं के चेंबर की वायरिंग : कुछ चैम्बरों के ताले टूटने और वहां से सामान चोरी होने का भी लगाया आरोप : अधिवक्ताओं ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल : आरोपी बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, आरोपी कर्मचारियों द्वारा माफी न मांगे जाने तक रहेगी अनिश्चितकालीन हड़ताल : अधिवक्ता बोले, किसी भी अधिवक्ता का बिल पेंडिंग नहीं, फिर भी नोटिस दिए बगैर चैंबरों की लाइट काटना घोर अपराध : दिन भर चला बैठकों का दौर, वर्क सस्पेंड कर अनिश्चितकालीन हड़ताल जाने का लिया गया फैसला
झज्जर जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना और नोटिस के कोर्ट परिसर स्थित अधिवक्ताओं के चैंबरों में घुसकर बिजली की वायरिंग काट दी, जिससे अधिवक्ताओं में भारी रोष फैल गया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि विभाग के इस कदम से न केवल उनके कार्य में बाधा उत्पन्न हुई, बल्कि कुछ चैंबरों के ताले भी टूटे मिले और वहां से सामान चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इस पूरे मामले को लेकर दिनभर बार एसोसिएशन की बैठकों का दौर चलता रहा। बैठक के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक इस मामले में दोषी बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती और संबंधित कर्मचारी अधिवक्ताओं से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक अधिवक्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और न्यायिक कार्य से दूर रहेंगे।
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि किसी भी अधिवक्ता का बिजली बिल बकाया नहीं है। इसके बावजूद बिना नोटिस दिए चैंबरों की बिजली काटना पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध और अधिवक्ताओं के अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने इसे घोर लापरवाही और मनमानी बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल अधिवक्ताओं के वर्क सस्पेंड करने और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से न्यायिक कार्य भी प्रभावित होने की संभावना है।
अन्य खबरें जाने –



