ATM Facility In Panchvati Express Train: महाराष्ट्र के मनमाड से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक जाने वाली पंचवटी एक्सप्रेस देश की पहली ऐसी ट्रेन है, जिसमें ATM लगा हुआ है. ट्रेन के एसी कोच में लगे इस एटीएम से चलती ट्रेन में ही सभी यात्री कैश निकाल सकते हैं. इस एटीएम को खास तरह से डिजाइन किया गया है ताकि ट्रेन के पूरी रफ्तार में होने के बावजूद भी ठीक से काम कर सके. साथ ही इसे चोरों से बचाने के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं.
रेलवे का कहना है कि अगर मुंबई-मनमाड पंचवटी एक्सप्रेस में लगे एटीएम को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है तो फिर लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों में भी एटीएम लगाए जाएंगे.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस संबंध में एक पोस्ट शेयर किया है. वीडियो पोस्ट शेयर करते हुए अश्विनी वैष्णव ने लिखा, ‘ट्रेन में पहली बार एटीएम सुविधा’ इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में कहा था कि विभिन्न ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों का किराया उनमें दी जाने वाली सुविधाओं पर आधारित होता है. इसके अलावा, विभिन्न प्रकार के यात्री वर्गों के लिए अलग-अलग रेल सेवाएं प्रदान की जाती हैं.
केंद्रीय मंत्री ने किराए को लेकर क्या कहा?
दरअसल, लोकसभा में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने रेल किराए को लेकर जानकारी दी। आपको बता दें कि असम के धुबरी से कांग्रेस सदस्य रकीबुल हुसैन ने संसद में सवाल पूछते हुए जानना चाहा था कि क्या सरकार ने वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया कम करने पर विचार किया है, ताकि अधिक आबादी इस ट्रेन की सेवा का लाभ उठा सके. जवाब में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अलग-अलग ट्रेनों का किराया उन ट्रेनों में दी जाने वाली सुविधाओं पर निर्भर करता है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



