Atishi on BJP: दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले ही आम आदमी पार्टी की दिग्गज नेता आतिशी(Delhi new CM Atishi Marlena) ने बीजेपी के प्रति तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश में बिजली की बढ़ी कीमतों को लेकर आतिशी ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, ‘इससे बचने के लिए दिल्लीवासियों को अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाना चाहिए.’ दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं.
आतिशी ने कहा, ‘यूपी की बीजेपी सरकार ने 5 किलोवाट बिजली कनेक्शन की कीमत 118% बढ़ाकर 7967 रुपये से 17,365 रुपये कर दी है. 1 किलोवाट कनेक्शन पर 250% की बढ़ोतरी हुई है.
उन्होंने आगे कहा, ‘यह उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार है जिसने इस गर्मी के मौसम में 8-8 घंटे बिजली कटौती की है. और ये बिजली कटौती किसी दूर-दराज के गांव में नहीं हो रही थी, ये 8 घंटे की बिजली कटौती नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में हो रही थी. तो फिर बीजेपी का पावर मॉडल क्या है? भाजपा का मॉडल है लंबी बिजली कटौती और सबसे महंगी बिजली. इसलिए दिल्ली की जनता के लिए अरविंद केजरीवाल को दोबारा चुनकर दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाना बहुत जरूरी है, नहीं तो जो आज हम उत्तर प्रदेश में देख रहे हैं, महंगी बिजली, लंबी बिजली कटौती, वही हाल दिल्ली का भी होगा .
आतिशी (Delhi new CM Atishi Marlena) ने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा, ‘आज मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहती हूं कि जब फरवरी में चुनाव हो तो आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएं और अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाएं, तभी 24 घंटे और सस्ती बिजली. आने वाले 4 महीनों में दिल्ली में बिजली के मामले में जब तक मेरे पास मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी है, मैं दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा.



