Haryana Crime News: बुधवार की रात को गुरुग्राम के थाना सेक्टर-40 में एक नाबालिग लड़के ने दुसरे नाबालिग लड़के की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर एक अज्ञात लड़का घायल अवस्था में मिला. पुलिस टीम द्वारा युवक को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मृत्यु हो गई.
पुलिस टीम को सूचना देने वाले व्यक्ति ने एक लिखित शिकायत के माध्यम से जानकारी दी कि जब यह अपने मकान से बाहर आया तो उसने घायल अवस्था में एक युवक को अपने मकान के बाहर पड़ा हुआ देखा. जब इसने नजदीक जाकर देखा तो उस युवक के गले पर कट के निशान थे और उसके पेट पर भी गहरे घाव के निशान थे जिसकी किसी ने हत्या की है. इस शिकायत पर थाना सेक्टर-40 में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया है.
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती
निरीक्षक नवीन कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा सेक्टर-40 तथा निरीक्षक मनोज वर्मा, प्रबन्धक थाना सेक्टर-40 की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए इस मामले में 16 घंटे के अंदर ही आरोपी की पहचान करके 15 वर्षीय नाबालिग आरोपी को रेवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी नाबालिग से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि ये दोनों (मृतक व आरोपी) झाड़सा में रहते हैं और एक दूसरे के इंस्टाग्राम पर दोस्त है.
हत्या करने का वजह
मृतक की पिछले करीब डेढ़ साल से एक लड़की के साथ दोस्ती थी. पिछले कुछ दिनों से वह लड़की आरोपी से भी बात करने लगी थी. आरोपी को इस बारे में पता चल गया. हत्या का आरोपी यह जानता था कि जो लड़की इससे बात करती है, वहीं लड़की इसके इंस्टाग्राम के दोस्त (मृतक) से भी बात करती है.
इस बात की रंजिश रखते हुए 15 वर्षीय आरोपी नाबालिग ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त की हत्या करने की योजना बनाई. हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए आरोपी ने 150 रुपये में एक चाकू खरीदा. बुधवार की रात को योजनानुसार युवक को बीयर पीने के बहाने बुलाया. फिर चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी.



