ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:18 अगस्त को रोहतक में हुई हुड्डा की महापरिवर्तन रैली को लेकर अब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की प्रतिक्रिया सामने आई है। तंवर ने कहा है कि पार्टी के खिलाफ जाकर रैली करना अनुशासनहीनता है। अशोक तंवर का कहना है कि अब इस अनुशासनहीनता का अंत होना चाहिए और कांग्रेस अभी भी पहली वाली पार्टी है, बदली नहीं है।
दरअसल, अशोक तंवर सिरसा में कांग्रेसी नेता होशियारी लाल शर्मा की तरफ से आयोजित बूथ सम्राट सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे। तंवर ने इस दौरान कहा कि वे हुड्डा की रैली को लेकर हाईकमान से बात करेंगे।
तंवर नेे ये भी कहा कि घोषणा पत्र केवल पार्टी का होता है और इसे केवल पार्टी ही जारी करती है। ये किसी व्यक्ति विशेष का मैनिफेस्टों नहीं होता। तंवर ने साफ तौर पर ये कह दिया है कि इस मामले पर कांग्रेस प्रभारी को संज्ञान लेना चाहिए। अशोक तंवर ने ये भी कहा कि हुड्डा ने जो 25 सदस्यों की कमेटी बनाई है, उसका औचित्य उनके पास नहीं है। हुड्डा के पास इसका अधिकार ही नहीं है।


