लिविंग इंडिया/ऑनलाइन डेस्क: हिमाचल की उस महिला कांस्टेबल को सलाम है, जिसने ना नेता का रसूख देखा, ना उसका रूतबा। उसके लिए पुलिस में होना ही सबसे बड़ी बात थी। उसे किसी नेता के रसूख से कोई फर्क नहीं पड़ा। दरअसल, कांग्रेस के नये अध्यक्ष राहुल गांधी शिमला के दौरे पर थे। उनकी गाड़ी आई, और कांग्रेस मुख्यालय में सीधी अंदर चली गई। लेकिन पंजाब कांग्रेस प्रभारी, पूर्व मंत्री और मौजूदा समय में हिमाचल के डलहौजी से विधायक आशा कुमारी को सुरक्षा का हवाला देकर लेडी कांस्टेबल ने रोक दिया. एक और विधायक कांस्टेबल को समझा ही रहे थे कि आशा कुमारी के सब्र का पैमाना छलक गया, और उन्होंने लेडी कांस्टेबल को थप्पड़ रसीद कर दिया. लेडी कांस्टेबल ने भी थप्पड़ का जवाब थप्पड़ से देने में क्षण भर की देरी नहीं लगाई। हिमाचल में हुए इस वाकये से राजनेताओं को सबक लेने की जरूरत है. संयम रखने की जरूरत की अहमियत बढ़ती जा रही है.
https://www.facebook.com/LivingIndiaNewschannel/videos/1008083069372186/
पुलिसकर्मियों को नौकरों की तरह ट्रीट करने की राजनेताओं की आदत से सब वाकिफ हैं. लेकिन आशा कुमारी को पड़ा थप्पड़ उन राजनेताओं के लिए एक सबक हो सकता है जो आए दिन पुलिसकर्मियों से इस तरह का बर्ताव करते हैं. हालांकि कुछ लोग इसे हिमाचल में सरकार बदलने और बीजेपी की सरकार बनने से भी जोड़कर देखने का कुत्सित प्रयास करेंगे, लेकिन उन्हें ये समझना होगा कि दो दिन पहले ही जयराम ठाकुर के शपथ ग्रहण समारोह में, जिसमें विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे, उस समारोह में कई मौजूदा विधायकों को भी मंच पर जगह नहीं मिल पाई थी, कुछ तो मंच तक पहुंच भी नहीं पाए थे। हर बार सत्ता के आगे शीर्षासन करने वाली पुलिस अगर अपने जमीर की सुने तो कोई बड़ी बात नहीं कि नेता तो नेता, छुटभैये गुंडे भी पुलिस से खौफ खाने लगेंगे और पुलिस के नाम से डरने वाली आम जनता का पुलिस में भरोसा लौटेगा।
