सोनीपत में ACB की रेड पड़ते ही थाने की छत से कूदा SI, चाय वाले के जरिए मांग रहा था 8 हजार की घूस

सोनीपत, 21 अगस्त हरियाणा के सोनीपत में युवती से छेड़छाड़ के मामले को निपटाने के नाम पर रिश्वत ले रहे एक चाय वाले को एंटी…

सोनीपत

सोनीपत, 21 अगस्त

हरियाणा के सोनीपत में युवती से छेड़छाड़ के मामले को निपटाने के नाम पर रिश्वत ले रहे एक चाय वाले को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पकड़ लिया। टीम ने चाय वाले से 8 हजार रुपए बरामद कर लिए।पूछताछ में पता चला कि यह रिश्वत थाने के SI हरिप्रकाश के कहने पर ली जा रही थी। इसी दौरान SI को भी ACB की रेड की भनक लग गई। पकड़े जाने के डर से वह तुरंत थाने की छत पर चढ़ गया और वहां से छलांग लगा दी। इसमें उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

SI के इस कदम से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। तुरंत घायल SI को उठाकर अस्पताल ले जाया, जहां उसका इलाज जारी है। ACB टीम अब चाय वाले से पूछताछ कर रही है कि यह मिलीभगत का खेल कब से चल रहा था।

ACB टीम के अनुसार, सिसाना गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया था कि उसके भाई के खिलाफ थाना खरखौदा में एक युवती से छेड़छाड़ के संबंध में शिकायत दी गई थी। मामले में राजीनामा कराने और झूठे मुकदमे में फंसाने से बचाने की एवज में SI हरिप्रकाश द्वारा ₹20,000 की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में यह राशि ₹8,000 में तय हुई।

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने मामले की सूचना ACB को दी।शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि और बातचीत की रिकॉर्डिंग के बाद टीम ने रिश्वत लेते आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।

शिकायतकर्ता को आठ हजार रुपए देकर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।ACB टीम के अनुसार, रिश्वत की रकम थाना खरखौदा के सामने स्थित चाय की दुकान पर देने के लिए कहा गया था। शिकायतकर्ता ने चाय दुकानदार राकेश को 8 हजार रुपए दिए। रकम दिए जाने के बाद ACB की टीम ने मौके पर ही चाय दुकानदार को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया।चाय दुकानदार के पकड़े जाने और ACB की कार्रवाई की भनक लगते ही सब इंस्पेक्टर हरिप्रकाश थाना परिसर की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया।

इसके बाद उसने वहां से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके दोनों पैरों में चोट आई। अंधेरा होने की वजह से काफी देर तक वह किसी को दिखाई नहीं दिया। बाद में वह जनरेटर के पीछे दर्द से करहाता पाया गया तो उसे सिविल अस्पताल खरखौदा पहुंचाया गया।

दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।इससे पहले भी इंस्पेक्टर हरिप्रकाश पर रिश्वत लेने का आरोप लग चुका है।ACB टीम का कहना है कि मामले में चाय वाले राकेश और SI हरि प्रकाश को अरेस्ट कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।

अन्य खबरें जानें –

यमुनानगर में बॉक्सर नीरज गोयत की अकादमी का उद्घाटन, खेल मंत्री बोले- देश का सिरमौर बना हरियाणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *