झज्जर, 21 अगस्त (सुमित कुमार) । टिकरी बॉर्डर (tikri border) पर चल रहे आंदोलन में शामिल एक और किसान की मौत (farmer’s death) हो गई। एक दिन पहले तबीयत खराब होने पर किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान पंजाब (Punjab) के बरनाला (barnala) जिला निवासी करनैल सिंह (Karnal Singh) के रूप में हुई है।
करनैल सिंह पिछले लंबे समय से टिकरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन (peasant movement) में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। अचानक तबीयत खराब होने की वजह से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। करनैल सिंह के शव को पोस्टमार्टम (post mortem) के लिए बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है।
करनैल सिंह की मौत पर साथ ही आंदोलनकारी किसानों ने उसके परिवार को आर्थिक मुआवजा देने और उसके परिवार का कर्ज माफ करने की गुहार सरकार से लगाई है। इतना ही नहीं आंदोलनकारी किसानों ने एक बार फिर कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करती।
गौरतलब है कि पिछले करीब साढे 8 महीने से तीन कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी (MSP) की गारंटी की मांग को लेकर किसान दिल्ली की सीमाओं (Delhi borders) पर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान 500 से ज्यादा किसान अपनी जान भी गंवा चुके हैं, लेकिन किसान और सरकार के बीच बातचीत का डेडलॉक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। ऐसे में आंदोलन कब खत्म होगा और क्या सरकार किसानों की मांगे मान लेगी, यह देखने वाली बात होगी।




