30 जुलाई
अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी। अजिंक्य रहाणे ने यह भी कहा कि अब वह IPL भी नहीं खेलेगें।
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिनिदाद टेस्ट था।
रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रहा। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और नियमित कप्तान विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद उन्होंने टीम की कमान संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक जड़कर उन्होंने भारत की वापसी कराई और अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर 2-1 से हराकर ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जिताई। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार विदेशी सीरीज जीतों में गिनी जाती है।अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टीम के लिए 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की जिसमें टीम ने 4 मैचों में जीत हासिल की और 2 मैच ड्रॉ रहे।रहाणे के संन्यास के साथ भारतीय क्रिकेट के एक सफल और यादगार अध्याय का अंत हो गया।


