Covid Vaccines And Heart Attack: पिछले कुछ वर्षों से देश भर में दिल के दौरे से होने वाली मौतों में वृद्धि हुई है. ऐसे में चर्चा है कि युवा लोगों में दिल के दौरे से होने वाली मौतें कोविड-19 वैक्सीन से संबंधित हैं. अब केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR)और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया है कि कोविड-19 वैक्सीन और युवाओं में दिल के दौरे सहित अचानक होने वाली मौतों के बीच कोई संबंध नहीं है.
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कहना है कि इन मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए आईसीएमआर और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) ने मिलकर दो अलग-अलग अध्ययन किए. पुराने आंकड़ों के आधार पर एक शोध किया गया. दूसरा अध्ययन अभी भी जारी है.
पहले अध्ययन पर ICMR की रिपोर्ट
आईसीएमआर के राष्ट्रीय महामारी विज्ञान संस्थान (एनआईई) ने मई-अगस्त 2023 के बीच यह शोध किया, जिसमें 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 47 प्रमुख अस्पतालों से डेटा एकत्र किया गया. अध्ययन में 18-45 वर्ष की आयु के वयस्कों को शामिल किया गया था, जो पहले पूरी तरह से स्वस्थ दिखाई देते थे, लेकिन अक्टूबर 2021-मार्च 2023 के बीच अचानक उनकी मृत्यु हो गई. इस शोध का नतीजा यह निकला कि कोविड 19 वैक्सीन लेने से अचानक मृत्यु का खतरा नहीं बढ़ा.
इस मामले को लेकर दिल्ली एम्स द्वारा एक और अध्ययन किया जा रहा है, जिसमें युवाओं में अचानक होने वाली मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक रिपोर्ट में पाया गया कि दिल के दौरे से ऐसी मौतें बहुत आम हैं. इसके अलावा कई मामलों में पुरानी बीमारियां और आनुवांशिक कारण भी इसका कारण बन रहे हैं.शोध में पाया गया कि पिछले कुछ वर्षों में अचानक होने वाली मौतों के कारणों में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



