करनाल 29 जुलाई
करनाल में महिला आयोग की टीम ने जेल और सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर महिलाओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। आयोग ने महिला कैदियों से लेकर अस्पताल में भर्ती मरीजों तक से बातचीत कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर नाराजगी भी जताई गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
महिला आयोग की टीम सबसे पहले करनाल जेल पहुंची, जहां महिला कैदियों से मुलाकात कर यह जाना कि उन्हें सरकार और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। आयोग ने यह भी परखा कि जेल से रिहा होने के बाद महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काउंसलिंग की उचित व्यवस्था है या नहीं। साथ ही समय पर चिकित्सा सुविधाएं और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं, इसका भी विस्तार से निरीक्षण किया गया।
इसके बाद आयोग की टीम करनाल के सिविल अस्पताल पहुंची और महिला वार्ड सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। अस्पताल में इलाज के लिए आई महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और भर्ती मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया गया। अधिकांश मरीजों ने डॉक्टरों और उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं और सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। आयोग ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए बनाई गई पिंक OPD की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उपचार उपलब्ध होना एक सराहनीय पहल है।
आयोग ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान की भावना के अनुरूप अस्पतालों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अन्य खबरें जानें –
Not Single Paper Leak Has Taken Place in Punjab in Last 4.5 Years: CM Bhagwant Singh Mann



