न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : प्रकृति की गोद में बसा छत्तीसगढ़। हरे-भरे पेड़ों और पहाड़ों के लिए प्रसिद्ध है यह प्रदेश। हरियाली को देखकर किसी का मन प्रफुल्लित हो जाए। और जब मन खुश होता है तो भावनाओं को सही मायनों में मुकम्मल शब्द मिलते हैं। ‘भावना’ एक ऐसा शब्द है, जिसमें सारी कायनात रची-बसी मालूम पड़ती है।
www.livingindianews.co.in के नए कॉलम ‘साहित्य’ के लिए इस बार हमारे पास छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से एक कविता आई है। मनेंद्रगढ़ को आप कह सकते हैं कि यह इलाका नेमत से कम नहीं। और यहां रहने वाली शाहीन सिद्दीकी ने भी हरियाली से मोहब्बत की। नतीजा, मोहब्बत के लिए उन्होंने कुछ ऐसे अल्फाज चुने हैं, जो उनकी कविता ‘क्योंकि मुश्किल है’ में आपसे रूबरू होने को बेताब हैं। पढ़िए इंसान के जज्बातों में रची-बसी शाहीन की कविता और महसूस करिए मोहब्बत को हर रंग, हर आयाम में।
क्योंकि मुश्किल है…
– शाहीन सिद्दीकी
सुनो कहीं तुम्हें
ये तो नहीं लगने लगा कि मुझे
तुमसे प्यार है?
कहीं तुम मुझसे
प्रेम तो नहीं करते ना?
क्योंकि बहुत मुश्किल है
किसी टूटे हुए तारे को जोड़ना
क्योंकि बहुत मुश्किल है
थम चुकी सांसों को ज़िंदा करना
क्योंकि बहुत मुश्किल है
टूटे हुए पत्ते को डाली से जोड़ना
क्योंकि बहुत मुश्किल है
मर चुके एहसास को जीवित करना
क्योंकि बहुत मुश्किल है
रेगिस्तान में समंदर ढूंढना
ठीक इतना ही मुश्किल है
मेरा तुम्हें या तुम्हारा मुझे
प्रेम करना।
वैसे तुम्हारे सवालों को तो
समझती हूं मैं
लेकिन जवाब देने से बेहतर है
चुप रहना।
मुझे डर है कि तुम्हें
भी न खो दूं
मैं उन रिश्तों की तरह,
जो मुझमें ही दफन हो गए
शायद इसलिए डरती हूं
ये कुबूल करने से
कि मैं भी उस प्यार को
महसूस कर रही हूं,
जो तुम्हें मेरी रजामंदी लेने
के लिए बार-बार कहता है।
लेकिन शायद मैं तुमसे कह ना पाऊं
इसलिए लिख रही हूं ये पाती
इसे चाहो तो तुम
मेरा इकरार समझ लो
या फिर मेरी मजबूरी।
(समाप्त)

मनेंद्रगढ़, कोरिया
(छत्तीसगढ़)
मोबाइल : 9098972457
ईमेल : palak78692@gmail.com
