Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने स्वारघाट क्षेत्र में एक बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने पंजाब से आ रहे एक तेल टैंकर को रोका, जिसमें से अजीब सी आवाजें आ रही थीं. जब पुलिस ने टैंकर खोला, तो उनके होश उड़ गए. टैंकर के अंदर तीन गाय और पांच बैल जिंदा पाए गए, जबकि एक बैल मृत मिला.(Cow smuggling racket busted in Himachal news in hindi)
टैंकर में गाय और बैलों को ठूस-ठूस कर भरा गया था. पुलिस और आरटीओ कर्मचारियों की सतर्कता से इस गोरखधंधे का भंडाफोड़ हुआ. टैंकर का चालक और एक तस्कर मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने बताया कि जब ऑयल टैंकर की तलाशी ली गई, तो उसमें से दुर्गंध आ रही थी. शक होने पर टैंकर खोला गया, तो अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था. टैंकर में एक बैल मृत पाया गया, जबकि तीन गाय और पांच बैल बुरी हालत में जीवित मिले. हैरानी की बात यह थी कि टैंकर के अंदर विशेष रूप से एक दरवाजा बनाया गया था, जिससे मवेशियों को अंदर डाला गया था. इससे पता चलता है कि इस गोरखधंधे को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया जा रहा था.
पुलिस ने बताया कि जैसे ही टैंकर से पशु तस्करी का खुलासा हुआ, मौके पर मौजूद टैंकर चालक, जफर अली जो (जम्मू) का रहने वाला है, और सह-चालक, असलम (सहारनपुर) पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. जांच में पता चला कि टैंकर हरियाणा नंबर का है और पुलिस ने टैंकर के मालिक की पहचान कर ली है. जल्द ही उसे हिरासत में लिए जाने की संभावना है.
टैंकर में बंद मवेशियों की हालत नाजुक थी, जिन्हें तुरंत नजदीकी गोशाला में पहुंचाया गया और उनका उपचार किया जा रहा है. पशु चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय तक बंद टैंकर में दमघोंटू वातावरण के कारण मवेशियों की हालत बिगड़ गई थी.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



