Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में मौसम विज्ञान केंद्र ने आज कुछ जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है. आज कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में अचानक बाढ़ आने की आशंका है.(Himachal Weather Update)
राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से बेहद सतर्क रहने का आग्रह किया है और उन्हें आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने 23 से 26 जुलाई तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है, लेकिन इस दौरान कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि, 27 से 29 जुलाई तक फिर से भारी बारिश की आशंका है, जिसके चलते कुछ इलाकों में येलो अलर्ट रहेगा. इस बीच, राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में आज सुबह बादल छाए हुए हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, कुल्लू जिले के मनाली में सबसे अधिक 57 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सराहन में 37 मिमी, घुमरूर में 36 मिमी और अन्य कई स्थानों पर भी अच्छी बारिश हुई है.
मानसून सीजन में अब तक 135 की मौत, 34 लापता
इस मानसून सीजन में अब तक हिमाचल में 135 लोगों की मौत हो चुकी है, 224 लोग घायल और 34 लोग लापता हैं. मंडी जिले में सबसे ज्यादा 23 और कांगड़ा में 21 मौतें हुई हैं. चम्बा व कुल्लू में 15 और शिमला में 11 लोगों की मौत हुई. अब तक 397 मकान, 277 दुकानें और 1037 गौशालाएं पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं, जबकि 797 मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है.
मंडी में सबसे ज्यादा तबाही हुई है, जहां 936 घरों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से 365 पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं. करीब 1247 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान आंका गया है. लोकनिर्माण विभाग को 552 करोड़ और जलशक्ति विभाग को 453 करोड़ की क्षति पहुंची है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



