Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में आगामी पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. खासतौर पर कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए छह जुलाई को रेड अलर्ट घोषित किया गया है.(Himachal Weather Update)
मंडी जिले में 30 जून की रात और 1 जुलाई की सुबह बादल फटने की घटनाओं के बाद से 32 से अधिक लोग लापता हैं. अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष की तलाश जारी है. राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना के जवान सराज पहुंच चुके हैं, जिससे अभियान में तेजी आई है.
बादल फटने की घटनाओं से मंडी जिले में 168 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. सबसे अधिक नुकसान सराज विधानसभा क्षेत्र में हुआ है, जहां अकेले में प्रदेश भर की तुलना में कई गुना अधिक तबाही दर्ज की गई है.
प्रदेश में अभी भी 280 सड़कें बंद, 332 बिजली ट्रांसफार्मर और 784 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं. अकेले मंडी जिले में 164 सड़कों पर आवाजाही बंद है.लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षेत्र में 31 जेसीबी और 3 पोकलेन मशीनें राहत कार्यों में लगाई गई हैं. मंडी जिला के थुनाग क्षेत्र में 241 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से 66 को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया गया है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



