Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने विशाल तबाही मचाई है. मंडी में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से संबंधित घटनाओं में दो और शव बरामद होने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 29 और लापता लोगों की तलाश जारी है. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के थुनाग, करसोग, जोगिंद्रनगर और गौहर इस आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं. थुनाग में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि करसोग में एक और गौहर में सात लोगों की जान गई है. इसके अलावा, जोगिंद्रनगर के स्यांज से दो शवों को बरामद किया गया है. साथ ही थुनाग, करसोग और गौहर के 29 लोग लापता हैं.
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने कहा कि आपदाओं में कुल 162 पशुधन मारे गए, जबकि मंडी में 316 सहित 370 लोगों को बचाया गया और पांच राहत शिविर स्थापित किए गए.
बाढ़ के कारण मनाली-केलांग मार्ग बंद कर दिया गया है और यातायात को रोहतांग दर्रे से मोड़ दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सड़कों को साफ करने के लिए कर्मियों और मशीनों को तैनात किया है.
एसईओसी ने बताया कि भारी बारिश के कारण राज्य में कुल 261 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं, जिनमें से 186 सड़कें मंडी जिले में हैं. बाढ़ के कारण 599 ट्रांसफार्मर और 797 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. सुक्खू ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि यदि आसपास कोई सरकारी जमीन उपलब्ध होगी तो उसे उन लोगों को आवंटित किया जाएगा जिन्होंने अपने घर खो दिए हैं.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



