Delhi news: उत्तर पूर्वी दिल्ली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक 9 साल की मासूम बच्ची खून से लथपथ एक फ्लैट में सूटकेस में मिली. इसकी सूचना जैसे ही परिजनों को लगी, उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को दुष्कर्म के बाद सूटकेस में भरकर फ्लैट में ही छोड़ दिया गया था.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है. साथ ही रेप और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसकी तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:41 बजे दयालपुर थाने को नेहरू विहार में 9 साल की बच्ची से रेप और हत्या की सूचना मिली.
इसके बाद दयालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची जहां पता चला कि बच्ची को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया है. वहां पहुंचने पर पता चला कि डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया है.



