Monsoon Update: देश के पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले चार दिनों से भारी बारिश जारी है. बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई है. इसमें असम में 8, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 मौतें शामिल हैं. राहत एवं बचाव के लिए भारतीय सेना, वायु सेना और असम राइफल्स को तैनात किया गया है.
असम के 19 जिलों के 764 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. राज्य में लगभग 3.6 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. रविवार को दो और लोगों की मौत के साथ ही प्रांत में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 10 तक पहुंच गई है. त्रिपुरा में 10 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं.
मणिपुर में सेना, असम राइफल्स और अग्निशमन सेवा ने रविवार को बाढ़ प्रभावित जिलों से 1,500 से अधिक लोगों को बचाया. बचाव अभियान की कई तस्वीरों में अधिकारी नावों में सवार होकर लोगों को अपनी पीठ पर लादकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
इस बीच, राजस्थान के 30 और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में बारिश की चेतावनी है. बिहार के वैशाली में रविवार शाम भारी बारिश और आंधी के कारण एक मकान गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई. प्रदेश के 9 जिलों में वज्रपात और बारिश की चेतावनी है.
अमित शाह ने मुख्यमंत्री से की बात
गृह मंत्री अमित शाह ने असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों तथा मणिपुर के राज्यपाल से फोन पर बातचीत की है और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



