ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 166 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था । भारत ने पारी की आखिरी गेंद पर 6 विकेट पर 168 रन बनाकर मैच और निदाहास ट्रॉफी पर कब्जा किया ।
आखिरी गेंद पर छक्के से मिली जीत
निदाहास ट्रोफी के फाइनल में भारत के लिए जीत आसान नहीं थी | लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को शानदार जीत दिलाई । भारत को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे और कार्तिक ने सौम्य सरकार की गेंद पर छक्का लगाकर ये इतिहास रचा ।
दिनेश कार्तिक बने ‘मैन ऑफ द मैच’
कार्तिक ने महज 8 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जीत के बाद मैन ऑफ द मैच रहे दिनेश कार्तिक का कहना है कि वो अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हैं | कार्तिक का कहना है कि अगर फाइनल मुकाबला नहीं जीतते तो टूर्नामेंट में टीम के खेल के साथ न्याय नहीं होता |
आसान नहीं थी जीत- कार्तिक
कार्तिक ने कहा कि इस विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था । लेकिन मैच जीतने के लिए बड़े शॉट लगाने जरूरी थे और किस्मत से कुछ गेंदें ऐसी जगह पड़ीं कि शॉट लगाने में कामयाबी मिली ।
दिनेश ने खेली शानदार पारी
कार्तिक का कहना है कि वो काफी समय से बैट स्विंग का अभ्यास कर रहे थे और उसका अच्छा परिणाम नजर आया । आपको बता दें कि कार्तिक महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम के विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे है ।






