ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : 17 से 23 फरवरी तक कैनेडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनके धार्मिक नगरी अमृतसर आने का भी कार्यक्रम है। उनकी यात्रा के शुरू होने में कुछ दिन ही बचे हैं, लेकिन अभी तक साफ नहीं हुआ है कि पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह मेजबान की भूमिका में रहेंगे या नहीं। दरअसल, पिछले दिनों भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जस्टिन ट्रूडो से मिलकर भारत यात्रा का न्यौता दिया था। कैनेडा के प्रधानमंत्री सात दिवसीय भारत यात्रा के दौरान आगरा, अहमदाबाद, मुंबई के अलावा अमृतसर भी जाएंगे।
कैनेडा के प्रधानमंत्री के अमृतसर जाने का राजनीतिक मकदस भी है। दरअसल, बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग कैनेडा में रहते हैं। अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर सिख समुदाय का सबसे प्रसिद्ध धर्मस्थल है। अमृतसर की यात्रा से प्रधानमंत्री कनाडा में रहने वाले सिख समुदाय को सकारात्मक मैसेज देकर उनका समर्थन पुख्ता करना चाहते हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से आधिकारिक मीटिंग होगी। वहीं यह भी साफ नहीं है कि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह मेजबान की भूमिका निभाएंगे।
प्रोटोकॉल के तहत प्रधानमंत्री ट्रूडो के अमृतसर में रहने के दौरान कैप्टन अमरिंदर उनके साथ रहेंगे। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ट्रूडो की भारत यात्रा में शामिल सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को दिशानिर्देश जारी किए हैं। बता दें पिछले साल अप्रैल में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कैनेडा के पहले सिख रक्षा मंत्री हरजित सिंह सज्जन से मुलाकात नहीं की थी। होशियारपुर जिला में पैदा हुए हरजित सज्जन की पंजाब यात्रा के दौरान ना तो कोई मंत्री और ना ही वरिष्ठ अधिकारी ही स्वागत को पहुंचे थे। हकीकत में कैप्टन अमरिंदर ने मुलाकात करने से साफ इंकार कर दिया था।


